अम्बेडकरनगर। जिला प्रेस क्लब अम्बेडकरनगर ने संगठन की सुरक्षा और अनुशासन को लेकर बड़ा कदम उठाया है। प्रेस क्लब भवन में जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित द्वितीय बोर्ड बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक का स्पष्ट संदेश रहा कि अब प्रेस क्लब की गरिमा से समझौता नहीं होगा और संगठन के नाम का दुरुपयोग करने वालों पर नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सबसे पहले प्रेस क्लब भवन की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने का निर्णय लिया गया। इसके तहत भवन परिसर में 08 अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा सके। साथ ही भवन के मुख्य दरवाजों को मजबूत लोहे के दरवाजों से बदलने का भी फैसला लिया गया, ताकि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ हो सके।
बोर्ड बैठक में अनुशासन को लेकर भी कड़ा रुख अपनाया गया। सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव में कहा गया कि यदि जिला प्रेस क्लब के किसी पदाधिकारी या आमसभा के सदस्य द्वारा प्रेस क्लब के नाम का व्यक्तिगत हित में दुरुपयोग, संगठन की गरिमा के विपरीत आचरण अथवा संस्था की छवि धूमिल करने जैसी गतिविधियों के साक्ष्य मिलते हैं, तो उसके विरुद्ध प्रेस क्लब के संविधान एवं नियमावली के अनुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस प्रस्ताव को सभी सदस्यों ने एकमत होकर मंजूरी दी।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि प्रेस क्लब केवल एक भवन नहीं, बल्कि जिले के पत्रकारों की प्रतिष्ठा और एकता का प्रतीक है। ऐसे में संगठन की साख को किसी भी कीमत पर नुकसान नहीं पहुंचने दिया जाएगा। बोर्ड ने साफ संदेश दिया कि प्रेस क्लब का नाम किसी भी व्यक्ति के निजी स्वार्थ या अनुचित गतिविधि के लिए इस्तेमाल नहीं होने दिया जाएगा।
बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त, पारदर्शी तथा अनुशासित बनाने पर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने और अनुशासन संबंधी फैसलों के लागू होने से प्रेस क्लब की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी होगी तथा पत्रकारों के सम्मान और संस्था की विश्वसनीयता को नई मजबूती मिलेगी। उक्त अवसर पर बैठक में जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र तिवारी, कोषाध्यक्ष नर्सिंहनारायण मिश्रा, उपाध्यक्ष पंकज शुक्ला, उपाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश पाठक, सचिव दीपक वर्मा, संगठन मंत्री रमाकांत पांडेय, ऑडिटर फखरे आलम खान सहित सदस्यगण में रामकृष्ण तिवारी, नूर आलम, सुधीर श्रीवास्तव, अदनान अहमद, आशा जायसवाल, सावन मिश्रा, हैदर मेंहदी असलम अब्बास आदि मौजूद रहे।




