अम्बेडकरनगर: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अम्बेडकर नगर जनपद में पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से वृहद वृक्षारोपण महाअभियान का शुभारंभ किया गया। शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के तहत जिले में 5,07,000 से अधिक पौधों का रोपण कर हरित क्रांति की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया।
प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की वैश्विक थीम “प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” को आधार बनाकर वृक्षारोपण अभियान संचालित किया गया। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संतुलन को मजबूत करना, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना करना तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और हरित वातावरण तैयार करना है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर इस वर्ष के वृक्षारोपण कार्यक्रम को “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से जोड़ा गया है। इसी क्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी माताओं के सम्मान में पौधे रोपित किए तथा आमजन से भी इस पुनीत कार्य में भागीदारी करने की अपील की। वहीं जिला न्यायाधीश ने न्यायालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
वृक्षारोपण लक्ष्य को विभिन्न विभागों में विभाजित किया गया था, जिसके तहत ग्राम विकास विभाग ने 3,01,000, कृषि विभाग ने 73,000, वन विभाग ने 57,000, उद्यान विभाग ने 50,000, पंचायती राज विभाग ने 20,000 तथा नगर विकास विभाग ने 3,000 पौधे लगाने का लक्ष्य प्राप्त किया।
प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि अभियान को पूर्णतः पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए सभी विभागों को पौधारोपण स्थलों की जियो-टैगिंग (Geo-tagging) करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे लगाए गए पौधों की सटीक निगरानी, संरक्षण और भविष्य में उनके विकास की नियमित ट्रैकिंग सुनिश्चित की जा सकेगी। इस महा अभियान में सरकारी संस्थाओं सहित अर्ध सरकारी व प्राइवेट संस्थाओं व सामाजिक संस्थाओं ने भी बढचढ़ कर हिस्सा लिया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर चलाया गया यह महाअभियान न केवल हरित अंबेडकरनगर की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और जनभागीदारी को मजबूत करने का भी सशक्त माध्यम बनकर उभरा है।




