अम्बेडकरनगर। जनपद की जैतपुर थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली है। चोरी की कई घटनाओं में वांछित तथा ₹25 हजार के इनामी अभियुक्त को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त गोली लगने से घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी डॉ. तेजवीर सिंह के पर्यवेक्षण में अपराध नियंत्रण एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी जलालपुर के नेतृत्व में 28 अगस्त की शाम थाना जैतपुर पुलिस टीम अपराधियों की तलाश तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
पुलिस के अनुसार शाम करीब 5:40 बजे ग्राम जैतपुर स्थित रामधारी मौर्या आदि की बाग में पुलिस टीम और एक वांछित बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में थाना जैतपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 62/2026 एवं 63/2026 में वांछित तथा ₹25 हजार के पुरस्कार घोषित अभियुक्त पप्पू पुत्र चंद्रिका प्रसाद, निवासी ग्वारी चमारन का पुरवा, थाना थानगांव, जनपद सीतापुर, गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की स्पेलेंडर प्लस मोटरसाइकिल, चोरी की एक पीली धातु की चेन, दो पीली धातु की अंगूठियां तथा ₹1,750 नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस द्वारा जारी आपराधिक इतिहास के अनुसार करीब 23 वर्षीय अभियुक्त पप्पू के खिलाफ अम्बेडकरनगर के जैतपुर, जलालपुर और महरूआ थानों के अलावा बाराबंकी, सीतापुर, गाजीपुर और आजमगढ़ जनपदों के विभिन्न थानों में चोरी, बरामदगी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 26 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष प्रेमचन्द, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह, उपनिरीक्षक दुर्योधन लाल वर्मा, अजय सरोज, मनीष कुमार सहित जैतपुर थाना पुलिस टीम के अलावा प्रभारी स्वाट/सर्विलांस उपनिरीक्षक विनोद यादव, उपनिरीक्षक आदर्श सिंह तथा स्वाट और सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि घायल अभियुक्त का अस्पताल में उपचार चल रहा है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।




