सिंगल विंडो समाधान के लिए 29 अक्टूबर बुधवार को टाण्डा तहसील में लगेगा विशेष कैम्प
अम्बेडकरनगर: टाण्डा विस्तारीकरण के द्वितीय चक्र से प्रभावित ग्रामीणों ने परिसम्पत्तियों से स्वतः कब्जा हटा लिया है।
उक्त बातें अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉक्टर सदानंद गुप्ता ने बताया। श्री गुप्ता ने कहा कि एनटीपीसी टाण्डा के द्वितीय चरण के विस्तारीकरण में प्रभावित ग्राम हुसेनपुर सुधाना, सलाहपुर रजौर व हासिमपुर के हितबद्ध व्यक्तियों द्वारा उच्चतम् न्यायालय में योजित याचिका खारिज होने के उपरान्त भूमि/परिसम्पत्तियों से स्वतः अपना कब्जा खाली कर दिया गया है।
उपर्युक्त ग्रामों के सभी प्रभावित व्यक्तियों, जिन्होंने अपना भुगतान अभी तक प्राप्त नही किया गया है, उनके सिंगल विण्डो समाधान के लिए तहसील सभागार टाण्डा, जनपद अम्बेडकरनगर में 29 अक्टूबर को समय सुबह 10 बजे से दोपहर 02 बजे तक एक कैम्प का आयोजन किया जायेगा। जिन भूस्वामियों / मकान स्वामियों द्वारा अभी तक भुगतान प्राप्त नही किया गया है, वे लोग अपने समस्त अभिलेखों के साथ तहसील सभागार टाण्डा में नियत तिथि व समय पर उपस्थित होकर अपना भुगतान प्राप्त कर सकते है। आयोजित कैम्प में तहसील स्तरीय अधिकारी / कर्मचारी, एनटीपीसी टाण्डा के अधिकारी एवं कर्मचारी, लोक निर्माण विभाग, प्रान्तीय खण्ड के अधिशासी अभियन्ता, सहायक अभियन्ता/अवर अभियन्ता, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियन्ता, उपखण्ड अधिकारी / सहायक अभियन्ता/अवर अभियन्ता, जिला पंचायत राज अधिकारी आदि अधिकारीगण एक साथ तहसील सभागार टाण्डा में उपस्थित रहकर प्रकरणों का समाधान करेगे।





