WhatsApp Icon

NEET UG 2026 में टाण्डा का जलवा! डॉक्टर, बुनकर, फार्मासिस्ट और शिक्षक के बच्चों ने लहराया परचम, आधा दर्जन से अधिक छात्रों ने रचा इतिहास

Sharing Is Caring:

शिवम वर्मा ने 649 अंक के साथ जिले में पहला स्थान हासिल किया, कई छात्रों ने पहले ही प्रयास में पाई शानदार सफलता

अम्बेडकरनगर। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा NEET (UG) 2026 में टाण्डा तहसील क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं ने शानदार सफलता हासिल कर तहसील और जनपद का गौरव बढ़ाया है। डॉक्टर, बुनकर, फार्मासिस्ट, शिक्षक और कर्मचारियों के बच्चों की इस उपलब्धि ने साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी पहचान की मोहताज नहीं होती।

ग्राम पंचायत अमेदा निवासी शिवम वर्मा, पुत्र संजय वर्मा, ने 649 अंक प्राप्त कर अम्बेडकरनगर जनपद में प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।

टाण्डा नगर के प्रसिद्ध सर्जन डॉ. राजेश्वर यादव एवं डॉ. मनीषा यादव के पुत्र शौर्य सिंह यादव ने भी पहले ही प्रयास में NEET (UG) 2026 उत्तीर्ण कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया। मेडिकल कालेज पोस्टमार्टम हाउस में कार्यरत चीफ फार्मासिस्ट अखिलेश चौधरी के पुत्र सात्विक चौधरी ने 592 अंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की।

बसखारी निवासी ज़किया अंजुम, पुत्री हाफिज मोहम्मद अशरफ, ने 611 अंक प्राप्त करते हुए ऑल इंडिया रैंक 5417 हासिल की और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। टाण्डा नगर के छज्जापुर निवासी बुनकर मजदूर इब्राहिम अहमद की पुत्री उम्मे अमान ने 584 अंक प्राप्त कर यह साबित कर दिया कि कठिन परिस्थितियाँ भी सफलता की राह नहीं रोक सकतीं।

टाण्डा पशु चिकित्सालय में तैनात फार्मासिस्ट मसलाहुद्दीन की पुत्री अरीबा खान (निवासी चिंतौरा) ने 573 अंक प्राप्त कर एमबीबीएस में अपना स्थान सुरक्षित किया। इसी क्रम में छज्जापुर निवासी आबिद ज़मीर के पुत्र असील ज़मीर ने 577 अंक, जबकि मो. साकिब, पुत्र इकरार अहमद निवासी कस्बा पश्चिम (पैतृक आवास मसडा बसखारी) ने 564 अंक प्राप्त कर सफलता अर्जित की। साकिब ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपनी माता शिक्षिका नज़मा बेगम, पिता तथा अपने शिक्षकों को दिया।
दरगाह क्षेत्र किछौछा निवासी मोहम्मद सैफ, पुत्र नूर मोहम्मद, ने 614 अंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की। उन्होंने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 6292 तथा कैटेगरी रैंक 2635 प्राप्त करते हुए अपने माता-पिता के साथ पूरे किछौछा और अम्बेडकरनगर जनपद का नाम रोशन किया। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

टाण्डा तहसील के इन होनहार छात्र-छात्राओं की सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। (फिलहाल जिन छात्रों के सफल होने की सूचना प्राप्त हुई है उनका खबर में नाम प्रकाशित किया गया है।)

अन्य खबर

अम्बेडकरनगर में नौकरी के लिए उमड़ा युवाओं का सैलाब! 22 कंपनियों ने खोला रोजगार का पिटारा, 809 का चयन

टांडा में प्रकाश पर्व की धूम, अखंड पाठ के समापन पर उमड़ी संगत; 29 अक्टूबर को होगा बड़ा धार्मिक आयोजन!

सर्राफा कारोबारी पर नकाबपोश बदमाशों का हमला! पाउडर फेंककर गिराया, मारपीट के बाद बाइक लूटकर फरार

error: Content is protected !!