WhatsApp Icon

जिस गायब मोबाइल की उम्मीद छोड़ चुके थे लोग, उसे भी ढूंढ लाई सर्विलांस टीम—CEIR पोर्टल बना पुलिस का बड़ा हथियार, 190 लोगों को लौटा गया मोबाइल

Sharing Is Caring:

अम्बेडकरनगर: मोबाइल गुम होने के बाद उसे वापस पाने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के लिए अम्बेडकरनगर पुलिस ने बड़ी खुशखबरी दी है। पुलिस की सर्विलांस एवं मोबाइल रिकवरी सेल ने तकनीक का ऐसा जाल बिछाया कि अलग-अलग स्थानों पर पहुंच चुके कुल 190 गुम और खोए मोबाइल फोन आखिरकार ट्रेस होकर पुलिस के कब्जे में आ गए।
बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 38 लाख रुपये बताई गई है। जब पुलिस ने लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल वापस सौंपे तो खुशी उनके चेहरों पर साफ दिखाई दी।

तकनीक के दम पर चला पुलिस का बड़ा ऑपरेशन

अम्बेडकरनगर पुलिस द्वारा आमजन की संपत्ति की सुरक्षा और गुम हुए मोबाइलों की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह बड़ी सफलता हासिल हुई।
पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह के कुशल निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक हरेन्द्र कुमार के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी सर्विलांस अरुण कुमार नौहवार के पर्यवेक्षण में सर्विलांस सेल की मोबाइल रिकवरी टीम ने CEIR पोर्टल से प्राप्त तकनीकी जानकारियों का गहन विश्लेषण किया।
मोबाइलों के तकनीकी डेटा और लोकेशन से जुड़े संकेतों पर लगातार काम करते हुए टीम ने विभिन्न क्षेत्रों से एक-दो नहीं बल्कि पूरे 190 मोबाइल फोन सफलतापूर्वक ट्रेस कर बरामद कर लिए।

190 लोगों को मिली खोई हुई खुशी

मोबाइल केवल एक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं, बल्कि आज के दौर में लोगों की तस्वीरें, जरूरी दस्तावेज, संपर्क नंबर और व्यक्तिगत जानकारियों का बड़ा खजाना भी है। ऐसे में मोबाइल खोने के बाद परेशान लोगों के लिए उसे वापस पाना किसी बड़ी राहत से कम नहीं था।


बरामदगी के बाद आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को ससम्मान सौंप दिए गए। अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों ने अम्बेडकरनगर पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए टीम का आभार व्यक्त किया।

पुलिस की अपील—मोबाइल गुम हो तो तुरंत करें यह काम

अम्बेडकरनगर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने पर घबराएं नहीं और तत्काल नजदीकी थाने में सूचना दर्ज कराएं। साथ ही CEIR पोर्टल पर मोबाइल के IMEI नंबर के जरिए उसे ब्लॉक और ट्रेस कराने के लिए पंजीकरण करें।
पुलिस ने आमजन को आगाह किया है कि बिना वैध बिल के किसी अज्ञात व्यक्ति से पुराना मोबाइल खरीदने से बचें।

38 लाख की संपत्ति, 190 मोबाइल और 190 चेहरों पर मुस्कान—तकनीक के साथ अम्बेडकरनगर पुलिस की इस कार्रवाई ने गुम मोबाइलों की उम्मीद छोड़ चुके लोगों को उनका कीमती सामान वापस दिला दिया।

अन्य खबर

दिव्यांगजनों के लिए खुला सहूलियत का रास्ता! विकास भवन में बांटी गईं साइकिल, व्हीलचेयर और मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल

पिता ने बेटे के कंधों पर सजाए स्टार तो गर्व से चौड़ा हुआ सीना! जीवन प्रकाश तिवारी बने एनसीसी सेकंड ऑफिसर, जलालपुर में खुशी की लहर

हंसवर पुलिस का बड़ा एक्शन! 715 ग्राम स्मैक-हेरोइन के साथ दो सगे भाई गिरफ्तार, पांच-पांच मुकदमों का आपराधिक इतिहास

error: Content is protected !!