अम्बेडकरनगर जनपद के टाण्डा नगर निवासी होनहार छात्र मोहम्मद माज़ ने अपनी प्रतिभा से टाण्डा व अम्बेडकरनगर का ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया है। इंटीग्रल विश्वविद्यालय लखनऊ में आयोजित फिएस्टा Fiesta-2026 के अंतर्गत हुए प्रतिष्ठित तकनीकी नवाचार प्रतियोगिता में मोहम्मद माज़ ने लगातार तीसरे वर्ष (2024, 2025 और 2026) प्रथम स्थान प्राप्त कर ऐतिहासिक हैट्रिक बनाते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया। इस उपलब्धि से टाण्डा नगर और अम्बेडकरनगर जनपद ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में खुशी की लहर दौड़ गई है।

मोहम्मद माज़ पुत्र खालिद आज़म निवासी कस्बा पुरब की इस शानदार सफलता के साथ ही उनकी तकनीकी टीम माज़स्टर टेक ने भी लगातार तीसरी बार विजय प्राप्त कर अपनी सशक्त पहचान बनाई है। टीम द्वारा प्रस्तुत विजेता परियोजना सेफमोटो समाजोपयोगी और व्यवहारिक तकनीकी समाधान पर आधारित रही, जिसे निर्णायकों ने सर्वश्रेष्ठ माना। इस परियोजना को सफल बनाने में शमा जमाल, ज़ाविल हुदा क़ुरैशी, शुभम पांडेय, उमैर अहमद और शिफ़ात सिद्दीकी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
यह गौरवपूर्ण उपलब्धि फिएस्टा 2026 के दौरान विश्वविद्यालय के शीर्ष नेतृत्व की गरिमामयी उपस्थिति में हासिल हुई। कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक प्रो. एस. डब्ल्यू. अख्तर (कुलाधिपति एवं संस्थापक) रहे, जबकि सम्मानित अतिथि कुलाधिपति श्रीमती अज़रा वसीम उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर प्रो-कुलाधिपति डॉ. सैयद नदीम अख्तर, कुलपति प्रो. जावेद मुसर्रत, कुलसचिव प्रो. मोहद हारिस सिद्दीकी एवं छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. मोनवार आलम ख़ालिद ने विजेता टीम को बधाई दी।
इंटीग्रल स्टार्टअप्स फाउंडेशन की निदेशक डॉ. निदा फ़ातिमा के मार्गदर्शन तथा तकनीकी कार्यक्रम के संकाय समन्वयक एवं सलाहकार डॉ. रोशन जहाँ के सहयोग से यह आयोजन सफल रहा। लगातार तीन वर्षों से मिल रही इस सफलता ने यह सिद्ध कर दिया है कि टाण्डा की धरती प्रतिभाओं से समृद्ध है। मोहम्मद माज़ की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के नागरिकों, शिक्षाविदों और युवाओं ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि टाण्डा की प्रतिभा अब प्रदेश और देश स्तर पर अपनी पहचान बना रही है। मोहम्मद माज़ की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।





