अम्बेडकरनगर। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं टाण्डा विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी रह चुके कपिलदेव वर्मा का WhatsApp नंबर हैक होने का मामला सामने आया है। हैकर्स ने उनके परिचितों को संदेश भेजकर अर्जेंट जरूरत बताकर हजारों रुपये की मांग शुरू कर दी। मामला सामने आने के बाद लोगों में हड़कंप मच गया।
कपिलदेव वर्मा ने स्वयं अपने फेसबुक अकाउंट के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए बताया कि उनका WhatsApp नंबर 9839194700 हैक हो गया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि उनके नंबर से आने वाले पैसों की मांग वाले संदेशों पर किसी भी सूरत में भरोसा न करें।
मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सूचना न्यूज़ को भी उनके उक्त WhatsApp नंबर से संदेश प्राप्त हुआ। इसमें ₹45,000 की तत्काल जरूरत बताते हुए दो घंटे में वापस करने की बात कही गई। रकम भेजने के लिए Google Pay के जरिए मोबाइल नंबर 9278100875 पर भुगतान करने को कहा गया।
संदेश सामने आने के बाद स्पष्ट हुआ कि हैकर्स कपिलदेव वर्मा की पहचान और उनके संपर्कों का इस्तेमाल कर लोगों को झांसे में लेकर रकम ऐंठने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में उनके संपर्क में मौजूद लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।
कपिलदेव वर्मा ने लोगों से साफ तौर पर कहा है कि उनके WhatsApp नंबर से रुपये, मदद या किसी तरह के भुगतान की मांग वाला कोई भी संदेश आए तो उस पर विश्वास न करें और रकम कतई ट्रांसफर न करें। उन्होंने ऐसी किसी भी मांग की पुष्टि सीधे फोन अथवा व्यक्तिगत रूप से करने की अपील की है।
साइबर ठगों के इस खेल ने एक बार फिर चेतावनी दे दी है कि किसी परिचित के WhatsApp नंबर से आया संदेश भी आंख मूंदकर भरोसा करने लायक नहीं है। खासकर जब संदेश में तत्काल पैसे भेजने का दबाव बनाया जा रहा हो, तो पहले संबंधित व्यक्ति से दूसरे माध्यम से पुष्टि करना बेहद जरूरी है।





