अम्बेडकरनगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार देर रात महुवल गांव में बेखौफ बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाते हुए न सिर्फ लाखों रुपये की नकदी और जेवरात पर हाथ साफ किया, बल्कि विरोध करने पर घर की महिला पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। खून से लथपथ महिला को परिजनों ने उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, महुवल गांव निवासी दिलीप पांडे के घर में देर रात अज्ञात बदमाश घुस आए। बदमाशों ने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब साढ़े चार लाख रुपये नकद और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात समेटने शुरू कर दिए। इसी दौरान आहट होने पर घर की महिला प्रतिष्ठा पांडे की नींद खुल गई। उन्होंने बदमाशों का विरोध किया तो एक बदमाश ने उन पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गईं। महिला की चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य जाग गए। खुद को घिरता देख बदमाश नकदी और जेवरात लेकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप यादव, पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के क्षेत्रों में जांच शुरू कर दी।
क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।
महुवल की इस खूनी वारदात ने एक बार फिर जलालपुर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। अब लोगों की निगाहें पुलिस पर टिकी हैं कि आखिर इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा कब तक होता है।




