अम्बेडकरनगर: मालीपुर थाना क्षेत्र से एक किशोरी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। जाति एवं निवास प्रमाणपत्र बनवाने के लिए घर से निकली किशोरी वापस नहीं लौटी तो परिवार में हड़कंप मच गया। तलाश के बीच किशोरी के मोबाइल नंबर से परिजनों के व्हाट्सएप पर शादी की सूचना मिलने से मामला और भी रहस्यमय हो गया। पिता ने बेटी को बहला-फुसलाकर अगवा किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, किशोरी सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे जाति एवं निवास प्रमाणपत्र बनवाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
इसी बीच दोपहर करीब 1:30 बजे किशोरी के मोबाइल नंबर से परिवार के व्हाट्सएप पर एक संदेश आया, जिसमें लिखा था कि, “आपकी पुत्री सुरक्षित है और मेरे घर वाले इससे शादी करना चाहते हैं।” संदेश मिलते ही परिजनों के होश उड़ गए और उन्होंने तत्काल मालीपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित पिता का आरोप है कि उनकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाया गया है। उन्होंने बेटी की सकुशल बरामदगी के साथ आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मामले में थानाध्यक्ष मालीपुर शशांक कुमार शुक्ला ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और किशोरी की तलाश के लिए टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया गया है।




