अम्बेडकरनगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढा, धमरुआ गांव में करीब 91 वर्षीय महिला श्रीमती इंदिरा मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतका लखनऊ में तैनात आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां बताई जा रही हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी रेंज अयोध्या सोमेन वर्मा और पुलिस अधीक्षक अम्बेडकरनगर प्राची सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण किया।
बताया जा रहा है कि आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा 15 अगस्त को गांव आए थे और पड़ोस में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल हुए थे। चर्चा के अनुसार कार्यक्रम के बाद देर शाम वह वापस लखनऊ चले गए। इसके बाद रविवार सुबह रोजाना की तरह घर में काम करने वाली महिला वहां पहुंची तो दरवाजा बाहर से बंद मिला।
दरवाजा बंद देखकर महिला ने स्थानीय लोगों को जानकारी दी। इसके बाद लोगों की मौजूदगी में घर के अंदर प्रवेश किया गया तो बेड पर इंदिरा मिश्रा का शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
चर्चा है कि मृतका के मुंह से हल्का खून निकला हुआ था। आशुतोष मिश्रा ने बताया कि मुंह मे तौलिया ठूंसा गया था जिससे मुंह से खून निकल रहा था, इसके अलावा मृतका के शरीर से सभी जेवर गायब थे। इन परिस्थितियों के बाद मौत को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं और हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी हत्या या लूट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना मिलते ही मालीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घटना की गंभीरता को देखते हुए आईजी रेंज अयोध्या सोमेन वर्मा एवं एसपी अम्बेडकरनगर प्राची सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके की परिस्थितियों का जायजा लिया और पुलिस टीम से घटना की जानकारी लेते हुए जांच को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही घटना के समय घर के आसपास की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की निगाह अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे महिला की मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।
परिजनों की ओर से रात्रि में पोस्टमार्टम कराने की अनुमति के लिए आलाधिकारियों से संपर्क किए जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
मालीपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्राप्त तहरीर के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि 91 वर्षीय महिला की मौत स्वाभाविक थी या इसके पीछे कोई आपराधिक वजह थी।




