अम्बेडकरनगर: अलापुर थाना क्षेत्र से 21 नवंबर से लापता 14 वर्षीय किशोर हिमांशु विश्वकर्मा को पुलिस ने 51वें दिन सकुशल बरामद कर लिया है। किशोर की बरामदगी गाजियाबाद से की गई है। मामले की पुष्टि करते हुए एडिशनल एसपी श्याम देव ने बताया कि हिमांशु घरेलू कारणों से नाराज़ होकर घर से चला गया था। आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी करने के बाद बालक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।
एडिशनल एसपी श्याम देव के अनुसार, सरफुद्दीनपुर निवासी हिमांशु विश्वकर्मा पुत्र सूर्य भान विश्वकर्मा गत 21 नवंबर को धनकारा से सामान लेने के लिए साइकिल से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश के बाद अलापुर थाने में गुमशुदगी की सूचना दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
लापता किशोर की तलाश को लेकर परिजन लगातार प्रशासन से गुहार लगा रहे थे। बच्चे की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर परिजन करीब 50 दिनों से अकबरपुर स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में अंबेडकर प्रतिमा प्रांगण में धरने पर बैठे थे। पुलिस द्वारा लगातार प्रयास और तकनीकी सर्विलांस के माध्यम से आखिरकार हिमांशु का सुराग गाजियाबाद में मिला, जहां से उसे सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में हिमांशु ने बताया कि वह घर में चल रहे घरेलू कारणों से नाराज़ होकर चला गया था। फिलहाल वह पूरी तरह सुरक्षित है। पुलिस द्वारा आवश्यक कागजी और विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जिसके बाद उसे उसके माता-पिता को सौंप दिया जाएगा।
किशोर की सकुशल बरामदगी की सूचना मिलते ही परिजनों में राहत और खुशी का माहौल है। उन्होंने अम्बेडकरनगर पुलिस कप्तान व अलापुर थाना पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि लगातार प्रयासों के चलते उनका बेटा सुरक्षित घर लौट सका। पुलिस प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि ऐसे मामलों में धैर्य रखें और समय पर पुलिस को सूचना दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।





