WhatsApp Icon

चंडीगढ़ में दौड़ी अम्बेडकरनगर की बेटी, 800 मीटर में श्रेया राज बनीं गोल्डन गर्ल

Sharing Is Caring:
नौ वर्षों की कड़ी मेहनत का मिला शानदार इनाम, बड़ेपुर की होनहार धाविका ने जिले का नाम किया रोशन

अम्बेडकरनगर। हौसला बुलंद हो और मंजिल पाने का जुनून हो तो संसाधनों की कमी भी प्रतिभा के कदम नहीं रोक सकती। जलालपुर क्षेत्र के बड़ेपुर गांव की होनहार बेटी श्रेया राज ने अपनी शानदार रफ्तार से एक बार फिर अम्बेडकरनगर का नाम रोशन कर दिया है। चंडीगढ़ में आयोजित 800 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में श्रेया ने दमदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल कर लिया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।

बड़ेपुर गांव निवासी सुरेश चंद की पुत्री श्रेया राज पिछले करीब नौ वर्षों से पढ़ाई के साथ एथलेटिक्स की तैयारी कर रही हैं। प्रसिद्ध धाविका पीटी ऊषा को अपना आदर्श मानने वाली श्रेया ने कम उम्र से ही दौड़ को अपना जुनून बना लिया। जिला स्तर से शुरू हुआ उनका सफर मंडल, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं तक पहुंच चुका है।

श्रेया की उपलब्धियों का सिलसिला वर्ष 2016 से लगातार जारी है। सीबीएसई प्रतियोगिताओं में उन्होंने 400 मीटर, 800 मीटर और 100 मीटर रिले दौड़ में पदक हासिल किए। इसी वर्ष उन्हें वेस्ट एथलेटिक्स गर्ल अंडर-14 का पुरस्कार भी मिला। गुजरात के वडोदरा में आयोजित सीबीएसई नेशनल प्रतियोगिता में उन्होंने 400 मीटर में सातवां और 800 मीटर में चौथा स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। राज्य स्तरीय एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता के अंडर-14 वर्ग की 800 मीटर दौड़ में उन्होंने रजत पदक भी जीता।

वर्ष 2017 में श्रेया का चयन भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के लिए हुआ। वर्ष 2018 में राज्य स्तरीय एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता के अंडर-14 वर्ग की 600 मीटर दौड़ में उन्होंने कांस्य पदक हासिल किया। माध्यमिक खेलकूद प्रतियोगिता में 200, 400 और 800 मीटर में स्वर्ण पदक जीतकर वह मंडल चैंपियन बनीं और राज्य स्तर के लिए क्वालीफाई किया। इसके बाद 200, 400 और 800 मीटर में रजत पदक हासिल कर राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित हुईं।

रिलायंस यूथ फाउंडेशन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी श्रेया ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 600 मीटर दौड़ में रजत और 400 मीटर में स्वर्ण पदक हासिल किया। वर्ष 2019 की माध्यमिक खेलकूद प्रतियोगिता में उन्होंने 200, 400 और 800 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा और निरंतर मेहनत का परिचय दिया।

अब चंडीगढ़ में 800 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतना श्रेया के खेल सफर की एक और बड़ी उपलब्धि बन गया है। उनकी जीत ने न केवल परिवार और बड़ेपुर गांव को गौरवान्वित किया है, बल्कि पूरे अम्बेडकरनगर को गर्व करने का मौका दिया है।

श्रेया की सफलता उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं। उनकी उपलब्धि ने साबित कर दिया कि मेहनत की रफ्तार के आगे मुश्किलों की दीवार ज्यादा देर तक टिक नहीं सकती।

श्रेया की शानदार कामयाबी पर परिजनों, ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों को उम्मीद है कि अम्बेडकरनगर की यह ‘गोल्डन गर्ल’ आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी रफ्तार का परचम लहराएगी।

अन्य खबर

सर्राफा कारोबारी पर नकाबपोश बदमाशों का हमला! पाउडर फेंककर गिराया, मारपीट के बाद बाइक लूटकर फरार

अपराधियों की अब खैर नहीं! सम्हरिया चौराहे पर खाकी का नया पहरा, एसपी प्राची सिंह ने किया चौकी का उद्घाटन

दिव्यांगजनों के लिए खुला सहूलियत का रास्ता! विकास भवन में बांटी गईं साइकिल, व्हीलचेयर और मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल

error: Content is protected !!