WhatsApp Icon

GNRF के शिविर में उमड़ा इंसानियत का सैलाब, 53 रक्तवीरों ने खून देकर पेश की इंसानियत की मिसाल

Sharing Is Caring:

अम्बेडकरनगर। खून का रिश्ता हो या न हो, इंसानियत का रिश्ता सबसे बड़ा होता है—इसी जज्बे को चरितार्थ करते हुए गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन (GNRF) के तत्वावधान में अलीगंज स्थित एस.बी. हेल्थ सेंटर में रविवार को वृहद रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। 80वें स्वतंत्रता दिवस एवं पैगम्बर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब ﷺ के 1501वें जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित शिविर में रक्तदान को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। 55 लोगों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया, जिनमें चिकित्सकीय जांच के बाद 53 स्वस्थ रक्तवीरों ने रक्तदान किया।

शिविर का संयोजन डॉ. शराफत तौहीद अत्तारी के नेतृत्व में किया गया। महामाया मेडिकल कॉलेज के ब्लड सेंटर की टीम ने रक्त संग्रह किया। शिविर में पहुंचे रक्तदाताओं ने अपने रक्त की बूंदों के जरिए जरूरतमंद मरीजों के लिए जिंदगी की उम्मीद जगाई।

रक्त केंद्र के डॉ. जे.पी. वर्मा ने कहा कि रक्तदान किया गया रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। गंभीर स्थिति में यही रक्त किसी मरीज को जीवनदान देने का माध्यम बनता है। रक्त केंद्र के काउंसलर दीपक नाग ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन में नई उम्मीद पैदा करने वाला नेक कार्य है।

डॉक्टरों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़ाया हौसला

शिविर में महामाया मेडिकल कॉलेज के डॉ. आतिफ एवं डॉ. अबरार अहमद ने पहुंचकर अपनी सेवाएं दीं और रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया। ईदगाह के नाज़िम-ए-आला मौलाना इम्तियाज अहमद मिस्बाही ने भी शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं की सराहना की और कहा कि जरूरतमंद की जिंदगी बचाने के लिए रक्तदान करना समाज के प्रति बड़ी जिम्मेदारी है। इस दौरान अम्बेडकरनगर जिला निगरान मौलाना अहमद शकील मदनी, अलाका निगरान मुजफ्फर साफी अत्तारी, GNRF जिला अध्यक्ष नूरुल हसन, अहमद रजा, टांडा के कामरान सर, मोहम्मद आसिफ, शाहिद अख्तर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

53 रक्तवीरों को मिला सम्मान

शिविर में रक्तदान करने वाले सभी 53 रक्तवीरों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। रक्त केंद्र की टीम में पीआरओ विंदेश्वरी प्रसाद, काउंसलर दीपक नाग, लैब टेक्नीशियन संदीप कुमार, सूरज पाण्डेय, आकिब, कशिश, आकांक्षा, श्रेजल, आदित्य प्रताप, जीनत, आनंद एवं शिव बहादुर शामिल रहे।

रक्तदान से लेकर आपदा राहत तक GNRF का अभियान

GNRF से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था का सामाजिक सरोकार सिर्फ रक्तदान शिविरों तक सीमित नहीं है। संस्था द्वारा देशभर में बाढ़ पीड़ितों की मदद, पौधरोपण, रमजान में जरूरतमंदों को राशन वितरण, नि:शुल्क मेडिकल कैंप तथा विभिन्न आपदाओं के दौरान राहत एवं सहायता कार्य किए जाते हैं। आयोजकों ने रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों का आभार जताते हुए उनके स्वस्थ जीवन की कामना की। साथ ही भविष्य में भी रक्तदान शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य से जोड़ने का संकल्प दोहराया।

शिविर ने एक बार फिर संदेश दिया कि रक्त की कीमत तब समझ आती है, जब किसी की सांसें थमने लगती हैं—ऐसे वक्त में रक्तदान की एक बूंद भी किसी परिवार के लिए पूरी जिंदगी की खुशियां बन सकती है।

अन्य खबर

सर्राफा कारोबारी पर नकाबपोश बदमाशों का हमला! पाउडर फेंककर गिराया, मारपीट के बाद बाइक लूटकर फरार

अपराधियों की अब खैर नहीं! सम्हरिया चौराहे पर खाकी का नया पहरा, एसपी प्राची सिंह ने किया चौकी का उद्घाटन

दिव्यांगजनों के लिए खुला सहूलियत का रास्ता! विकास भवन में बांटी गईं साइकिल, व्हीलचेयर और मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल

error: Content is protected !!