WhatsApp Icon

पांच घंटे में खुला गब्बर हत्याकांड का राज, संपत्ति के लालच में रिश्तों का कत्ल! भाभी और भांजा गिरफ्तार

Sharing Is Caring:

अम्बेडकरनगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के तेंदुआ दियरा गांव में अजय शुक्ला उर्फ गब्बर हत्याकांड ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। घर से कुछ दूरी पर अर्धनिर्मित मकान में मिले अधेड़ के शव की गुत्थी पुलिस ने महज पांच घंटे में सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, संपत्ति हड़पने की नीयत से साजिश रची गई और शराब पिलाने के बहाने अजय को ले जाकर मौत के घाट उतार दिया गया।

मामले में पुलिस ने मृतक के भाई की पत्नी सोनी शुक्ला और भांजे अनिरुद्ध मिश्रा को हिरासत में लेकर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मृतक का भाई राजेश शुक्ला रोजी-रोटी के सिलसिले में पत्नी सोनी के साथ गुजरात के सूरत में रहता था। वहीं अजय गांव से कुछ दूरी पर खेत में बने अर्धनिर्मित मकान में अकेले रहता था।

शराब के बहाने ले गए, फिर रची खौफनाक साजिश

पुलिस के मुताबिक, राजेश शुक्ला अपनी पत्नी सोनी और भांजे अनिरुद्ध के साथ 17 अगस्त को गुजरात से गांव के लिए निकला और 18 अगस्त को पहुंचा। आरोप है कि 19 अगस्त की रात अनिरुद्ध मिश्रा शराब पिलाने के बहाने अजय को नेमपुर ले गया।

शराब पिलाने के बाद उसे वापस अर्धनिर्मित मकान पर लाया गया। पुलिस का दावा है कि नशे में धुत अजय को सुलाने के बाद उसके गले में फंदा कस दिया गया। इसके बाद घर में रखे चाकू से उसके सिर पर कई वार किए गए, जिससे वह बेहोश हो गया।

करंट देकर मौत के घाट उतारने का आरोप

पुलिस के अनुसार, इसके बाद अजय के पैर के अंगूठे को पंखे के तार से बांधकर बिजली की आपूर्ति चालू कर दी गई। पुलिस का दावा है कि करंट लगने से अजय की मौत हो गई। वारदात के तरीके ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे अजय का शव खेत में बने अर्धनिर्मित मकान में मिलने के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मालीपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और तत्काल तीन पुलिस टीमों को खुलासे के लिए लगाया।

पांच घंटे में पुलिस ने खोली हत्या की परतें

एसपी के मुताबिक, मृतक की बहन उर्मिला की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने अनिरुद्ध मिश्रा निवासी मीरपुर, थाना सम्मनपुर और सोनी शुक्ला, मायका खालिसपुर थाना दोस्तपुर, सुल्तानपुर को हिरासत में लिया। दोनों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

संपत्ति के लालच में भाई के ही घर में रची गई कथित खूनी साजिश ने पूरे इलाके को हिला दिया है। पुलिस के खुलासे के बाद गांव में रिश्तों, संपत्ति और इस खौफनाक वारदात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं तेज हैं।

अन्य खबर

सर्राफा कारोबारी पर नकाबपोश बदमाशों का हमला! पाउडर फेंककर गिराया, मारपीट के बाद बाइक लूटकर फरार

अपराधियों की अब खैर नहीं! सम्हरिया चौराहे पर खाकी का नया पहरा, एसपी प्राची सिंह ने किया चौकी का उद्घाटन

दिव्यांगजनों के लिए खुला सहूलियत का रास्ता! विकास भवन में बांटी गईं साइकिल, व्हीलचेयर और मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल

error: Content is protected !!