अम्बेडकरनगर जनपद में शुक्रवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई तीन दर्दनाक घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। जलालपुर क्षेत्र में पेंटिंग का कार्य कर रहे एक मजदूर की ऊंचाई से गिरकर मौत हो गई, वहीं जलालपुर के मुरवाह गांव में मच्छरदानी लगाते समय सांप के डसने से एक महिला ने दम तोड़ दिया, जबकि मालीपुर थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर पूर्व प्रधान पति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। तीनों घटनाओं के बाद संबंधित क्षेत्रों में शोक का माहौल है।

जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के कादीपुर गांव निवासी संदीप कुमार (32) उस्मापुर स्थित छाछू मोहल्ला निवासी गोलू उर्फ रुद्र सोनी के मकान में पेंटिंग का कार्य कर रहे थे। बताया गया कि छत की पेंटिंग के लिए लगाए गए पाइप (मचान) पर चढ़ते समय अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। संदीप चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। वर्ष 2017 में उनका विवाह हुआ था और उनके परिवार में पत्नी व तीन वर्ष का एक पुत्र है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जलालपुर क्षेत्र के मुरवाह गांव में गुरुवार देर रात 35 वर्षीय कंचन परिवार को भोजन कराने के बाद सोने की तैयारी कर रही थीं। रात करीब 11 बजे चारपाई पर मच्छरदानी लगाते समय उनके पैर के नीचे सांप आ गया। दबने पर सांप ने उन्हें डस लिया। परिजन तत्काल उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने विधिक कार्रवाई शुरू की, हालांकि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पंचनामा भरने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया और शुक्रवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। बरसात के मौसम में लगातार निकल रहे सांपों को लेकर ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है।
मालीपुर थाना क्षेत्र के टिकरी गांव में शुक्रवार सुबह रेलवे ट्रैक पर पूर्व प्रधान पति रामबली (70) का शव मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना अध्यक्ष शशांक कुमार शुक्ला ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
एक ही दिन में हुई इन तीन दुखद घटनाओं ने पूरे जिले को गमगीन कर दिया है। मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि स्थानीय लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए प्रशासन से सुरक्षा और जागरूकता के उपायों को और प्रभावी बनाने की मांग की है।




