अम्बेडकरनगर: आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा/पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने टांडा क्षेत्र के प्रमुख कांवड़ मार्गों और धार्मिक स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान जहां-जहां कमियां मिलीं, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के सख्त निर्देश दिए गए।
डीएम और एसपी ने टांडा-फैजाबाद मार्ग स्थित मखदूम नगर के निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज, झारखंडी महादेव मंदिर, महादेवा घाट और टांडा चौक घंटाघर का निरीक्षण किया। निर्माणाधीन रेलवे सेतु पर कांवड़ियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए डीएम ने लोक निर्माण विभाग को रास्ते से कंकड़, मलबा और अन्य अवरोध तत्काल हटाकर मार्ग को समतल व सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए।
झारखंडी महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेते हुए पेयजल, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के आदेश दिए गए। टांडा चौक से मंदिर तक कांवड़ मार्ग का निरीक्षण करते हुए डीएम ने लटक रहे ढीले बिजली के तारों को तुरंत दुरुस्त कराने और सभी बिजली के खंभों पर सुरक्षा पॉलिथीन लगाने के निर्देश भी जारी किए।
महादेवा घाट पर निरीक्षण के दौरान जल सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरती। डीएम ने तीन स्तरीय जल बैरिकेडिंग, पर्याप्त सफाई कर्मियों की तैनाती और घाट पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, उप जिलाधिकारी टांडा, क्षेत्राधिकारी टांडा, खंड विकास अधिकारी टांडा समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




