WhatsApp Icon

अम्बेडकरनगर में संचारी रोगों पर डीएम का सख्त एक्शन, लापरवाही पर होगी जवाबदेही तय; जलभराव, गंदगी और मच्छरों के खिलाफ चला ‘वार’

Sharing Is Caring:

अम्बेडकरनगर। जिले में संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने अधिकारियों को सख्त संदेश देते हुए साफ कहा कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जलभराव, गंदगी और मच्छरों के प्रजनन वाले क्षेत्रों में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि जिम्मेदारी तय कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक चल रहे विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की द्वितीय साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य, नगर निकाय, पंचायतीराज, ग्राम्य विकास, शिक्षा, पशुपालन, बाल विकास समेत सभी विभागों की कार्यप्रणाली की विस्तार से समीक्षा की।

बैठक में नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे विशेष स्वच्छता अभियान, नालियों की सफाई, एंटी लार्वा रसायनों का छिड़काव, फॉगिंग, चुना व ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, जलभराव वाले स्थलों के उपचार, दस्तक अभियान और घर-घर जागरूकता कार्यक्रमों की प्रगति पर चर्चा हुई।

डीएम ने निर्देश दिए कि जहां भी जलभराव, गंदगी या मच्छरों के पनपने की आशंका हो, वहां बिना देरी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अभियान के प्रत्येक कार्य का नियमित अनुश्रवण किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी सीधे जिम्मेदार होंगे।

उन्होंने सभी विभागों को जनजागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश देते हुए कहा कि लोगों को घरों और आसपास जलभराव न होने देने, स्वच्छता बनाए रखने तथा संचारी रोगों के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया जाए।

जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को झाड़ियों की कटाई में तेजी लाने, सभी उथले हैंडपंपों का शत-प्रतिशत चिन्हीकरण कर लाल निशान लगाने तथा आवश्यकतानुसार हैंडपंप प्लेटफॉर्म की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। वहीं डीसी मनरेगा को तालाबों की सफाई के कार्य में तेजी लाने को कहा।

बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के घर-घर भ्रमण की गुणवत्ता सुधारने तथा सभी एमओआईसी को नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं चिकित्सक मौजूद रहे।

अन्य खबर

ग्रामीण प्रतिभाओं को मिला नया हथियार—48 पंचायतों में शुरू हुई डिजिटल लाइब्रेरी, सपनों को मिलेगी उड़ान

एसपी प्राची सिंह का ‘एक्शन मोड’ जारी! त्वरित सुनवाई और न्याय से बढ़ा फरियादियों का भरोसा, प्रतिदिन सीओ और थानेदारों की ऑनलाइन समीक्षा

शपथ ग्रहण समारोह में टाण्डा विधायक ने अधिवक्ताओं का जीता दिल; हॉल, शौचालय और दो एसी की सौगात, सराहना

error: Content is protected !!