03 नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ FIR; रात में गिरफ्तारी नहीं हुई तो सुबह प्रदर्शन की चेतावनी
अम्बेडकरनगर (रिपोर्ट: गोपाल सोनकर जलालपुर) जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के नगपुर स्थित मुकुंद कैफे हाउस पर मारपीट में ध्रुव गुप्ता की मौत के मामले में पुलिस ने आखिरकार तीन नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतक की पत्नी उषा गुप्ता की तहरीर पर मुकदमा संख्या 253/26 दर्ज किया गया है। मामले में BNS की धारा 103(1), 351 तथा 352(3) के तहत कार्रवाई की गई है।
एफआईआर के मुताबिक, 9 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे ध्रुव गुप्ता बच्चों के लिए खाने-पीने का सामान लेने मुकुंद कैफे गया था। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि वहां पहले से मौजूद निखिल अग्रहरी, करन अग्रहरी, दीपक अग्रहरी तथा एक अज्ञात व्यक्ति ने ध्रुव के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपितों ने ध्रुव को जान से मारने की नीयत से मारपीट की तथा सीने पर चढ़कर लात-घूंसों से हमला किया और गला दबाने का भी आरोप लगाया गया है।
तहरीर के अनुसार, ध्रुव किसी तरह वहां से निकलकर घर की ओर आया, जहां उसने अपने भाई अमित, चाचा बजरंगी और पड़ोसी अभिषेक को घटना की जानकारी दी। इसी दौरान उसकी नाक से खून निकल रहा था। परिजन उसे इलाज के लिए ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद अब आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। रात में गिरफ्तारी नहीं होने पर सुबह प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गई है। खबर लिखे जाने तक ध्रुव गुप्ता का अंतिम संस्कार भी नहीं हुआ था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं मौके पर उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संतोष गुप्ता और भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील गुप्ता भी मौजूद रहे।
पुलिस की ओर से आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी किए जाने का दावा किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच के साथ ही घटनास्थल और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ा रही है।
उधर, ध्रुव की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। सऊदी अरब से महज तीन दिन पहले घर लौटे ध्रुव की मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। अब सभी की निगाहें आरोपितों की गिरफ्तारी और पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।




