हेमंत सिंह की 84 रनों की विस्फोटक पारी के बाद गेंदबाजों ने बरपाया कहर, टीम ने दर्ज की लगातार 11वीं जीत
अम्बेडकरनगर। आराध्या श्री फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित सड़क सुरक्षा सद्भावना कप में डॉक्टर्स इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जय हीरो एजेंसी अम्बेडकरनगर को 118 रनों के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी। एमवीडी क्रिकेट एकेडमी अकबरपुर के मैदान पर खेले गए मुकाबले में पहले बल्ले से डॉ. हेमंत सिंह पालीवाल ने तूफान मचाया तो बाद में गेंदबाजों ने जय हीरो एजेंसी की पूरी टीम को महज 36 रन पर समेट दिया। 
जय हीरो एजेंसी के कप्तान रवि भद्र सिंह ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी डॉक्टर्स इलेवन की शुरुआत बेहद खराब रही और महज 32 रन के स्कोर पर चार प्रमुख बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। संकट में फंसी टीम को डॉ. प्रवेश वर्मा और डॉ. हेमंत सिंह ने संभाला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 75 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
डॉ. हेमंत सिंह ने महज 36 गेंदों में 9 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 84 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर मैदान में चौकों-छक्कों की बरसात कर दी। डॉ. प्रवेश वर्मा ने भी 23 रनों का उपयोगी योगदान दिया। डॉक्टर्स इलेवन ने निर्धारित 16 ओवर में 8 विकेट खोकर 154 रन बनाए। जय हीरो एजेंसी की ओर से सोनू ने तीन और आदर्श यादव ने दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जय हीरो एजेंसी की टीम डॉक्टर्स इलेवन के गेंदबाजों और चुस्त क्षेत्ररक्षण के आगे पूरी तरह बेबस नजर आई। 11.1 ओवर में पूरी टीम महज 36 रन पर ढेर हो गई। गुरविंदर के 17 रनों को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। डॉक्टर्स इलेवन के डॉ. आमोद और डॉ. उत्कर्ष ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट झटके।
इस जीत के साथ डॉक्टर्स इलेवन ने लगातार 11वीं जीत दर्ज की। टीम के कप्तान डॉ. जीडी वर्मा की रणनीति और शानदार नेतृत्व को जीत का अहम कारण माना गया।
मैच के मुख्य अतिथि यातायात सब इंस्पेक्टर जय बहादुर यादव ने कहा कि ऐसे खेल आयोजन युवाओं में अनुशासन के साथ सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने वाहन चालकों से अपनी लेन में वाहन चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। विशिष्ट अतिथि नेत्र सर्जन डॉ. राजेश गुप्ता ने खिलाड़ियों को फिटनेस पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने तथा रात में वाहन चलाते समय नशे से पूरी तरह दूर रहने की अपील की।
पुरस्कारों में डॉ. हेमंत सिंह पालीवाल को प्लेयर ऑफ द मैच, डॉ. आमोद को बेस्ट गेंदबाज, डॉ. प्रवेश वर्मा को बेस्ट बल्लेबाज, रवि भद्र सिंह को बेस्ट क्षेत्ररक्षक तथा डॉ. साजन देव केशर को बेस्ट विकेटकीपर का पुरस्कार दिया गया।
मैच में अंपायर-कमेंटेटर की भूमिका अजय श्रीवास्तव और डॉ. एसएम बाकिर ने निभाई, जबकि विक्रम सिंह और विकास स्कोरर रहे। इस दौरान डॉ. जेके वर्मा, डॉ. चन्द्रभान, आनंद शर्मा, आलोक, दीपक, पंकज, डॉ. अनीश, डॉ. अभिनीत यादव, डॉ. विमल, विक्रम, विनय, अश्विनी, कुलदीप, रजनीश, अरविंद, समरजीत, आदर्श सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।




