अम्बेडकरनगर: मालीपुर थाना क्षेत्र के कजरी नंदापुर गांव में हुए चर्चित लूटकांड को लेकर अब राजनीतिक तापमान भी बढ़ने लगा है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव ने पुलिस प्रशासन को खुली चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि 9 जून तक लूट की घटना का खुलासा नहीं हुआ, तो वह 10 जून से पीड़ित व्यवसायी अनुज कुमार चौहान के साथ अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठेंगे।
गौरतलब है कि 23-24 मई 2026 की रात हथियारबंद बदमाशों ने व्यवसायी अनुज कुमार चौहान के घर धावा बोलकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया था। बदमाशों ने घर में जमकर तांडव मचाते हुए करीब 12 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूट ली थी। घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अभी तक न तो लूट का खुलासा कर सकी है और न ही पीड़ित परिवार को न्याय दिला सकी है।
कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। इतनी बड़ी वारदात के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार लगातार न्याय की गुहार लगा रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से सिर्फ आश्वासन मिल रहा है।कांग्रेस अध्यक्ष ने दो टूक कहा कि यदि मंगलवार तक पुलिस अपराधियों को गिरफ्तार कर लूट का पर्दाफाश नहीं करती, तो बुधवार से वह पीड़ित परिवार के साथ धरना-अनशन शुरू करेंगे और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। उक्त जानकारी कांग्रेस प्रवक्ता अवधेश कुमार मिश्रा द्वारा दी गई है।




