अम्बेडकरनगर। नगर पंचायत अध्यक्ष ओमकार गुप्ता के नेतृत्व में गुरुवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा एमएलसी एवं निवर्तमान प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता का जन्मदिन सेवा, संस्कार और समर्पण की भावना के साथ धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर सामाजिक सेवा के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, वहीं 7 अगस्त को गोविंद साहब में प्रस्तावित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने की अपील भी की गई। 
सुबह किछौछा स्थित कैंप कार्यालय में हवन, वृक्षारोपण और केक काटकर भाजपा एमएलसी अनूप गुप्ता के दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई। इसके बाद कार्यकर्ता बसखारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां मरीजों को फल वितरित किए गए। तत्पश्चात जिला मुख्यालय स्थित बुद्धा आश्रम में वृद्धजनों को भोजन कराकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया।
नगर पंचायत अध्यक्ष ओमकार गुप्ता ने कहा कि 7 अगस्त को गोविंद साहब की पावन तपोस्थली पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आगमन जनपद के लिए ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से अम्बेडकरनगर तथा आसपास के जनपदों, विशेषकर आजमगढ़ क्षेत्र के लोगों के लिए विकास की बड़ी सौगात मिलने की उम्मीद है। उन्होंने जनपदवासियों से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में भारी संख्या में पहुंचकर इसे ऐतिहासिक बनाने की अपील की।
इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता रूद्रप्रसाद उपाध्याय, व्यापारी नेता शिवकुमार गुप्ता, मंडल अध्यक्ष सदाबृज राजभर, चंद्रभान गुप्ता, अमित कुमार रंजन एडवोकेट, विनोद गुप्ता, सागर निषाद, मोनू निषाद, गगन मौर्य, रोशन लाल निषाद, दिनेश निषाद, अभिषेक उपाध्याय, पवन मधेशिया, राम आधार यादव, प्रतीक उपाध्याय, मयाराम, सुभाष निषाद, पवन जायसवाल, सूरज सोनी, अभिषेक गुप्ता, पवन अग्रहरि सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।




