लखनऊ/अम्बेडकरनगर: मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर फैल रही विद्युत आपूर्ति ठप होने की खबरें भ्रामक हैं। इन अफवाहों के कारण आम उपभोक्ता हैरान व परेशान हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि केवल RMS बिलिंग प्रणाली के मेंटेनेंस के चलते ऑनलाइन सेवाएं अस्थायी रूप से बाधित हैं।
निगम के अनुसार 03 अप्रैल 2026 शाम 5 बजे से 04 अप्रैल 2026 सुबह 9 बजे तक बिल भुगतान, स्मार्ट मीटर रिचार्ज, बिल जनरेशन और भार वृद्धि जैसी ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी। हालांकि इस दौरान विद्युत आपूर्ति सामान्य रूप से जारी रहेगी।
विभाग ने बताया कि कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बिजली कटौती को लेकर फैल रही अफवाहों से उपभोक्ताओं में अनावश्यक भ्रम की स्थिति बन गई है। निगम ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें।
किसी भी प्रकार की समस्या या जानकारी के लिए उपभोक्ता 1912 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। निगम ने मेंटेनेंस अवधि के दौरान सहयोग की अपील करते हुए असुविधा के लिए खेद भी जताया है।








