हंसवर थाना के भूलेपुर में गाटा संख्या 648 क व 648 ख का विवाद सुर्खियों में, महिलाओं समेत नौ लोगों को थाने लाने का आरोप; विधायक ने पुलिस कार्रवाई को बताया निंदनीय
अम्बेडकरनगर: हंसवर थाना क्षेत्र के भूलेपुर में विवादित भूमि पर कब्जेदारी को लेकर चल रहा पुराना विवाद एक बार फिर गरमा गया है। गाटा संख्या 648 क व 648 ख को लेकर आमने-सामने आए दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद पुलिस कार्रवाई ने मामले को और तूल दे दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही टांडा विधायक राममूर्ति वर्मा मौके पर पहुंचे और स्थलीय निरीक्षण कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। विधायक की सक्रियता के बाद मामले में राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार भूलेपुर में हमजा पुत्र इमरान आदि तथा मो. राशिद पुत्र फैयाज आदि के बीच आबादी की भूमि पर कब्जेदारी को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। बताया जाता है कि गाटा संख्या 648 ख का रकबा 0.2490 हेक्टेयर आबादी भूमि है, जबकि गाटा संख्या 648 क का रकबा 0.4330 हेक्टेयर राशिद आदि के नाम बताया जा रहा है।
बताया गया कि 18 दिसंबर 2025 को राजस्व विभाग द्वारा दोनों गाटों का सीमांकन कर पत्थर नसब की कार्रवाई की गई थी। इसके बाद 20 दिसंबर 2025 को राशिद पक्ष द्वारा सीमांकन के आधार पर कब्जा किए जाने की कोशिश की गई। आरोप है कि खाली पड़ी भूमि में आसपास के लोगों द्वारा कूड़ा फेंके जाने को लेकर हमजा पक्ष एवं ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए थे और विवाद हुआ था, इसके बाद मामला कुछ समय तक शांत रहा। हाल के दिनों में राशिद पक्ष की ओर से पुनः धारा 24 के तहत पत्थर नसब की अपील किए जाने के बाद स्थानीय लेखपाल व कानूनगो की टीम ने मौके पर पहुंचकर पैमाइश करते हुए पत्थर नसब की कार्रवाई की।
आरोप है कि इसी दौरान विपक्षी पक्ष द्वारा महिलाओं के सहारे नसब किए गए पत्थरों को हटाकर तोड़फोड़ की गई। शिकायत के बाद मौके पर पहुंची हंसवर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच महिलाओं समेत नौ लोगों को थाने ले आई। जानकारी के मुताबिक देर रात महिलाओं को छोड़ दिया गया, जबकि पुरुषों को शांतिभंग की आशंका में उपजिलाधिकारी के समक्ष पेश किया गया। घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। खास तौर पर महिलाओं को थाने लाए जाने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
मौके पर पहुंचे विधायक, अधिकारियों से वार्ता का भरोसा
घटना की सूचना पर टांडा विधायक राममूर्ति वर्मा ग्राम हंसवर पहुंचे। उन्होंने विवादित स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर दोनों पक्षों से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी प्राप्त की। विधायक के अनुसार उन्हें मौके पर पता चला कि द्वितीय पक्ष जमानत कराने गया है। विधायक राममूर्ति वर्मा ने कहा कि भूखंड से जुड़े पूरे मामले में उच्च अधिकारियों से वार्ता कर न्यायसंगत एवं सही निर्णय कराया जाएगा। उन्होंने पुलिस द्वारा महिलाओं को गिरफ्तार कर चालान किए जाने की कार्रवाई को अत्यंत निंदनीय बताया।
भूमि विवाद, राजस्व विभाग की पैमाइश और पुलिस कार्रवाई को लेकर अब मामला स्थानीय स्तर से निकलकर राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। ऐसे में सभी की निगाहें प्रशासनिक स्तर पर होने वाली आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं। उक्त खबर क्षेत्र में चर्चा व दावों के आधार पर लिखी गई है।




