अम्बेडकरनगर। फायर सर्विस स्टेशन के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति के अचेत मिलने से हड़कंप मच गया। मीरानपुर अकबरपुर निवासी अरुण कुमार अचेत हालत में सड़क किनारे पड़े थे। मौके से गुजर रहे लोगों की नजर पड़ी तो सूचना यातायात पुलिस तक पहुंची।
सूचना मिलते ही यातायात पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर अरुण कुमार को अस्पताल पहुंचाया। समय पर मिले उपचार से उनकी हालत सामान्य हुई और वह खतरे से बाहर बताए गए। इतना ही नहीं, पुलिसकर्मियों ने जिम्मेदारी की मिसाल पेश करते हुए उपचार के बाद अरुण कुमार को अकेला नहीं छोड़ा। उन्हें सुरक्षित उनके घर पहुंचाया गया। यातायात पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
सड़क पर बेसुध मिले व्यक्ति की मदद कर यातायात पुलिस ने खाकी का मानवीय चेहरा सामने रखा।




