अम्बेडकरनगर जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ एसपी प्राची सिंह के निर्देशन में जनपदीय पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में बसखारी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजे की तस्करी कर रहे एक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से 1.043 किलोग्राम अवैध गांजा, 30 हजार 200 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन तथा तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस अब यह भी खंगाल रही है कि आरोपी किसी बड़े नशा तस्करी गिरोह से जुड़ा है या अकेले इस कारोबार को अंजाम दे रहा था।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देश पर अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) हरेंद्र कुमार तथा क्षेत्राधिकारी नगर नितीश तिवारी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक भूपेन्द्र सिंह के नेतृत्व में बसखारी पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी।
चेकिंग के दौरान पटना मुबारकपुर नहर के किनारे पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी में उसके पास से 1.043 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा 30,200 नकद, दो मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल संख्या UP50AH9885 भी बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी की पहचान पंकज कुमार (22 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय प्रहलाद, निवासी ग्राम साबितपुर, थाना राजेसुल्तानपुर जनपद अम्बेडकरनगर के रूप में हुई।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ थाना बसखारी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया है। साथ ही बरामद मोबाइल फोन और नकदी की भी जांच शुरू कर दी गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी का संबंध किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से तो नहीं है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रेम बहादुर यादव, उपनिरीक्षक ओमकार पटेल, कांस्टेबल अनिल यादव, कांस्टेबल निखिल यादव तथा कांस्टेबल विजय यादव शामिल रहे।
बसखारी पुलिस की इस कार्रवाई को जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर एक और करारा प्रहार माना जा रहा है।




