WhatsApp Icon

अम्बेडकरनगर में शान से लहराया तिरंगा, गूंजा राष्ट्रगान; डीएम-एसपी ने दिलाया राष्ट्रसेवा का संकल्प, विभिन्न खेलों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम

Sharing Is Caring:
तिरंगे की आन-बान-शान में डूबा अम्बेडकरनगर, हर ओर गूंजा देशभक्ति का जयघोष
टांडा में जांबाज गोताखोरों का सम्मान, एसपी प्राची सिंह ने अंगवस्त्र व प्रशस्तिपत्र देकर बढ़ाया हौसला
कलेक्ट्रेट से थानों तक लहराया तिरंगा, स्कूल-मदरसे और सरकारी-गैरसरकारी संस्थान भी देशभक्ति में रंगे

अम्बेडकरनगर। देश की आजादी की 80वीं वर्षगांठ पर शनिवार को पूरा अम्बेडकरनगर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। कलेक्ट्रेट से लेकर पुलिस कार्यालय, तहसीलों, थानों, अस्पतालों, नगर निकायों, स्कूल-कॉलेजों, मदरसों, बैंकों और सरकारी-गैरसरकारी संस्थानों तक तिरंगा शान से लहराया। राष्ट्रगान और वंदेमातरम् की गूंज के बीच स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और राष्ट्रनायकों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

एकलव्य स्टेडियम अकबरपुर में मत्स्य विभाग के मंत्री संजय निषाद ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। उन्होंने अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि आजादी असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान की देन है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, अनुशासन और परिश्रम के जरिए राष्ट्रनिर्माण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

स्टेडियम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मंत्री ने क्रिकेट मैच का टॉस उछालकर शुभारंभ किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

कलेक्ट्रेट में डीएम ईशा प्रिया ने फहराया तिरंगा

कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। राष्ट्रगान और वंदेमातरम् के सामूहिक गायन से पूरा परिसर देशभक्ति से गूंज उठा। डीएम ने महात्मा गांधी और भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों और राष्ट्रसेवा को नमन किया।डीएम ने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का उत्सव नहीं, बल्कि कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का संकल्प भी है। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से पारदर्शिता, संवेदनशीलता और पूरी निष्ठा के साथ जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

पुलिस महकमे में भी जोश, एसपी प्राची सिंह ने दिलाया संकल्प

स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने कैम्प कार्यालय एवं क्वार्टर गार्द में ध्वजारोहण किया। गार्द ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी। पुलिस कार्यालय में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी हरेंद्र कुमार ने भी ध्वजारोहण किया।एसपी ने उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया। थाना प्रभारियों, शासकीय अधिवक्ता, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों समेत अन्य पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया।

मदरसा मंज़रे हक टांडा

टांडा में गोताखोर टीम का सम्मान, एसपी ने बढ़ाया हौसला

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर टांडा कोतवाली परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में एसपी प्राची सिंह ने संकट के समय लोगों की मदद और बचाव कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली छज्जापुर माझी टोला की गोताखोर टीम के सदस्यों को अंगवस्त्र एवं प्रशस्तिपत्र भेंट कर सम्मानित किया।

सम्मानित होने वालों में गोताखोर टीम के संरक्षक देवेंद्र कुमार उर्फ पप्पू माझी, कैप्टन अभय माझी, फिरतु माझी, रूपेश माझी, अजय माझी, राहुल चौहान, प्रेम गौड़, अरविंद उर्फ मिंटू, शिवदयाल माझी, उदय भान, लालजी गौड़ और सुरजीत माझी शामिल रहे।

एसपी द्वारा गोताखोर टीम के सदस्यों का सम्मान किए जाने से पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच सहयोग तथा सेवा भावना का संदेश भी मजबूत हुआ। समारोह में पुलिसकर्मियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा तथा अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में पुलिसकर्मियों को मिष्ठान वितरित किया गया।

गांव से शहर तक तिरंगे की शान

सीडीओ कार्यालय, सीएमओ कार्यालय, जिला अस्पताल, एआरटीओ कार्यालय, तहसील मुख्यालयों, सीओ कार्यालयों और सभी पुलिस थानों सहित नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों व मेडिकल कालेज, एनटीपीसी टांडा में ध्वजारोहण किया गया। सरकारी-अर्धसरकारी कार्यालयों, अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री, उपनिबंधक कार्यालयों सहित निजी संस्थानों, बैंकों, विद्यालयों और मदरसों में भी स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भावनी भीख सिंह कॉलेज हीरापुर समेत जिला प्रेस क्लब भवन व सामाजिक संगठनों और विभिन्न शिक्षण संस्थानों में भी राष्ट्रध्वज फहराया गया। पूरे जनपद में ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प, देशभक्ति और एकता-अखंडता का जज्बा दिखाई दिया।

जिला प्रेस क्लब अम्बेडकरनगर

अन्य खबर

राष्ट्रीय लोक अदालत में 1.41 लाख से अधिक वादों का निस्तारण, करोड़ों के विवाद सुलझे

82 लाख के जगदेव बाबा सद्भावना हाल का भव्य लोकार्पण, गरीब परिवारों को मिलेगी बड़ी राहत

हज यात्रियों की ECG जांच में महिलाओं की निजता पर सवाल! पुरुष टेक्नीशियन के सामने कपड़े हटाने की मजबूरी, शिकायत पर CMS ने तुरंत लिया संज्ञान

error: Content is protected !!