अम्बेडकरनगर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अलीगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मोजनपुर से खासपुर जाने वाले मार्ग पर ओवरब्रिज के नीचे संदिग्ध वाहन की चेकिंग के दौरान 29.200 किलोग्राम अवैध गांजे की खेप के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गांजा 28 पैकेटों में रखा गया था और इसे स्विफ्ट डिजायर कार से ले जाया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वीरेन्द्र राजभर उर्फ गुड्डू निवासी गौरी, थाना अहिरौला, आजमगढ़, सोहनलाल राजभर निवासी हुरपुर, थाना मालीपुर, अम्बेडकरनगर, विनोद कुमार राजभर निवासी अकबेलपुर, थाना अतरौलिया, आजमगढ़ और दीपू कुमार निवासी खजूरी धनेज पट्टी, थाना अहिरौला, आजमगढ़ के रूप में हुई है।
कार की तलाशी में खुली गांजे की खेप
पुलिस टीम ने शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार UP64AR9052 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 28 पैकेटों में कुल 29.200 किलोग्राम गांजा, तीन मोबाइल फोन और 670 रुपये नकद बरामद हुए। बरामदगी के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
NDPS एक्ट में मुकदमा, पुराने मुकदमे से भी जुड़ा है एक आरोपी
पुलिस ने मामले में थाना अलीगंज में मु0अ0सं0 110/26, धारा 8/20/29/60 NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी सोहनलाल राजभर का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2023 में मालीपुर थाने में NDPS एक्ट की धारा 8/20 तथा वर्ष 2022 में मारपीट, नुकसान पहुंचाने और धमकी से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
चारों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष सुनील कुमार पाण्डेय समेत अलीगंज पुलिस की टीम शामिल रही।




