अम्बेडकरनगर: विश्व पटल पर वैश्विक नगर तथा व्यापार केन्द्र दुबई में भारतीय गणतन्त्र दिवस पर प्रत्येक वर्ष आयोजित होने वाले भारत महोत्सव का जनपद से काफी गहरा रिश्ता है जिसके कारण उक्त महोत्सव की तैयारियां बिना जनपद की सम्मिलिता के अधूरी मानी जाती है।
भारतीय गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष दुबई मेंआयोजित होने वाला “भारत महोत्सव” अंतरराष्ट्रीय कवि सम्मेलन और मुशायरा समारोह का भव्य आयोजन 27 जनवरी 2024 को होने जा रहा है। जश्न-ए-हिंदुस्तान के संस्थापक तथा मुख्य आयोजक सैय्यद सलाहुद्दीन मूल रूप से विश्व विख्यात किछौछा के निवासी है। श्री सलाहुद्दीन के भाई व आयोजन समिति के सदस्य सैय्यद मेराजुद्दीन किछौछवी ने बताया कि गत 2003 से अनवरत 23 साल से भारत महोत्सव का दुबई में आयोजन हो रहा है।
श्री मेराजुद्दीन किछौछवी कांग्रेस एआईसीसी सदस्य है एवं जिला कांग्रेस के अध्यक्ष भी रह चुके हैं तथा सामाजिक कार्यों में सदैव बढ़चढ़ कर भाग लेते हैं।
भारत महोत्सव के संस्थापक सै. सलाहुद्दीन ने कहा कि यह गौरवशाली आयोजन हमारे लिए सिर्फ कवि सम्मेलन और मुशायरा नहीं बल्कि भारत के संविधान और लाल किले की साहित्यिक परंपराओं का दिल की गहराइयों से सम्मान है, यह दुनिया का एकमात्र समारोह है जिसकी शुरुआत भारतीय राष्ट्रीय गीत से होती है।
भारतीय गणतंत्र दिवस समारोह को धूमधाम से विदेशी सरजमीं पर दुबई में करनेवाली आयोजन समिति के सदस्य सै मेराजुद्दीन किछौछवी ने बताया कि आगामी 27 जनवरी शनिवार को दुबई के भव्य शेख राशिद स्टेडियम में रात्रि 08 बजे अपनी गौरवशाली विरासत से शुरू होगा और कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सांसद उदय प्रताप सिंह तथा निज़ामत प्रो. नय्यर जलालपुरी करेंगे। जश्न-ए-हिंदोस्तान में मशहूर मशहूर शायर और कवि उदय प्रताप सिंह, प्रो नय्यर जलालपुरी, अंजुम रहकर,ताहिरा फ़राज़ ,डाॅ. कलीम क़ैसर ,डाॅ माजिद देवबंदी ,अलताफ ज़िया , राधिका गुप्ता और दमदार बनारसी दुबई में भारत की शान और मान बढ़ाते हुये शिरकत करेंगे।
इस ऐतिहासिक वैश्विक आयोजन के संस्थापक सै सलाहुद्दीन ने कहा कि भारत के गौरवशाली लोकतंत्र और गणतंत्र का जश्न भारतीय भाषाओं और परंपरा का अनुकरणीय संवाहक है. दुबई में राष्ट्रीय महोत्सव का गौरव समेटे कवि सम्मेलन को देश विदेश में प्रसारित करने के लिए 175 पृष्ठों की स्मारिका का विमोचन भी समारोह में होगा जिसमें शायरों के कलाम, कविताओं और भव्य इतिहास संजोये ज्ञानवर्धक लेख का अद्भुत संगम होगा .गौरतलब है कि इस अंतर्राष्ट्रीय समारोह में दुनिया भर के हिंदी उर्दू शायरी और कविता प्रेमी गणमान्य लोग भाग लेते हैं तथा अंतर्राष्ट्रीय मीडिया इस भारतीय आयोजन को भरपूर तवज्जो देती है।





