अम्बेडकरनगर। नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा दरगाह की बेटी उम्मे हबीबा ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (AIBE) उत्तीर्ण कर अधिवक्ता बनने की पात्रता प्राप्त कर ली है। उनकी इस सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है, वहीं पूरे क्षेत्र में गर्व की भावना देखने को मिल रही है।
उम्मे हबीबा, मोहम्मद नफीस की पुत्री हैं। एलएलबी की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने बिना हार माने अपने लक्ष्य पर लगातार फोकस बनाए रखा और पहली ही कोशिश में AIBE परीक्षा पास कर यह साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प और कठिन परिश्रम से कोई भी मंजिल हासिल की जा सकती है।
अपनी सफलता पर उम्मे हबीबा ने कहा कि उनका सपना शुरू से ही अधिवक्ता बनकर समाज की सेवा करना था। उन्होंने बताया कि अब वह गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों को न्याय दिलाने तथा अन्याय के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाने का प्रयास करेंगी। उन्होंने अपनी सफलता का पूरा श्रेय माता-पिता और परिवार के सदस्यों को देते हुए कहा कि उनके विश्वास, मार्गदर्शन और सहयोग ने हर कठिन समय में उनका मनोबल बढ़ाया।
उन्होंने बताया कि परीक्षा की तैयारी के दौरान नियमित अध्ययन, अनुशासन और सकारात्मक सोच को अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाया, जिसका परिणाम आज सफलता के रूप में सामने आया है।
उम्मे हबीबा की इस उपलब्धि को क्षेत्र की छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनकी सफलता यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो पहली ही कोशिश में बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।
नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा दरगाह सहित पूरे जनपद अम्बेडकरनगर में उनकी इस उपलब्धि की चर्चा हो रही है। क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, शिक्षकों, अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने उम्मे हबीबा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है तथा उम्मीद जताई है कि वह एक संवेदनशील और ईमानदार अधिवक्ता के रूप में समाज के वंचित वर्ग को न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।





